बालोद जिला पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में चौंकाने वाले नतीजे सामने आए है। भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर में क्षेत्र क्रमांक 10 भोइनापार में भाजपा के तोमन साहू ने कांग्रेस के संजय चंद्राकर को करीब 4 हजार वोटों से हराया। दूसरे चरण में सिर्फ दो जिला पंचायत सदस्यों का चुनाव हुआ है। क्षेत्र क्रमांक 9 परसदा में कांग्रेस की पूजा वैभव साहू ने भाजपा की कृतिका साहू को करीब 4 हजार वोटों से हराकर जीत दर्ज की। तोमन साहू ने बदला समीकरण, किया बड़ा उलटफेर भाजपा के तोमन साहू ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजय चंद्राकर को हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। संजय चंद्राकर, जो दो बार जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं और बालोद जिला पंचायत के प्रथम उपाध्यक्ष के रूप में अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए थे। इस बार अपनी सीट बचाने में नाकाम रहे। तोमन साहू की इस जीत ने न सिर्फ भाजपा को मजबूती दी, बल्कि क्षेत्र की राजनीति का समीकरण भी पूरी तरह बदल दिया है। छात्र संघ से की थी तोमन ने राजनीति की शुरुआत तोमन साहू ने 1996 से छात्र राजनीति के माध्यम से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। वे कॉलेज छात्र संघ अध्यक्ष बने, भाजयुमो मंत्री और जनभागीदारी अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। विभिन्न जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की और पार्टी के भीतर एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में पहचान बनाई। वे भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष होने के साथ-साथ जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी जीत चुके हैं। कांग्रेस की पूजा ने जिपं सदस्य कृतिका को हराया परसदा सीट अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित थी, जिसमें कांग्रेस की पूजा वैभव साहू और भाजपा की कृतिका साहू के बीच सीधा मुकाबला हुआ। कृतिका साहू वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य थीं, लेकिन इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। पूजा वैभव साहू ने करीब 4 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर भाजपा को इस सीट पर झटका दिया। पूजा महिला समूह और समाजसेवा कार्यों में सक्रिय रही बालोद ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अंचल साहू ने बताया कि पूजा वैभव साहू महिला समूहों और समाजसेवा कार्यों में सक्रिय रही हैं। उन्होंने महिलाओं के बीच जागरूकता, सशक्तिकरण के लिए प्रयास किए हैं। उनकी सामाजिक सक्रियता और कांग्रेस की मजबूत जनसंपर्क से वे जिला पंचायत सदस्य के रूप में चुनी गई हैं। दूसरे चरण के चुनाव में सिर्फ दो जिला पंचायत सदस्यों का चुनाव हुआ। जिसमें भाजपा और कांग्रेस दोनों को ही मिली-जुली सफलता मिली है। तोमन साहू की जीत से भाजपा के कार्यकर्ताओं में उत्साह है।


