सोजत के नरसिंहपुरा क्षेत्र में एक टेंट गोदाम में चल रहे नशे के कारोबार का भंडाफोड़ किया गया है। जोधपुर रेंज की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, डीएसटी पाली और सोजत पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार को यह दबिश दी गई। टीम ने गोदाम से 3 ग्राम स्मैक और 281 ग्राम गांजा बरामद कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है। सोजत थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह देवड़ा ने बताया- एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, डीएसटी पाली और सोजत पुलिस को टेंट के गोदाम में नशे के कारोबार की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। आरोपी आदिल लंबे समय से टेंट गोदाम की आड़ में यह अवैध धंधा चला रहा था। सोजत थाने के सब इंस्पेक्टर गोपाल सिंह राठौड़ ने जानकारी दी कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे फिलहाल पूछताछ की जा रही है।


