सरियों से भरा ट्रैक्टर पलटा, एक की मौत:बैतूल-इंदौर हाईवे पर दो ग्रामीण गंभीर घायल; मकान के लिए सामान लेकर लौट रहे थे

बैतूल-इंदौर नेशनल हाईवे पर बुधवार शाम लोहे के सरियों से भरा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार एक युवक की सरियों के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना चिचोली थाना क्षेत्र के ग्राम गोलू मंडई के पास खंजर नाले पर हुई। घायलों को इलाज के लिए चिचोली अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि ग्राम बरजोरपुर के कुछ ग्रामीण अपने मकान निर्माण के लिए चिचोली से सरिया खरीदकर ट्रैक्टर में लादकर गांव लौट रहे थे। बुधवार शाम करीब 6 बजे ट्रैक्टर बैतूल-इंदौर हाईवे पर खंजर नाला (गोलू मंडई) के पास पहुंचा। इसी दौरान चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। जेसीबी से निकाला बाहर ट्रैक्टर पर लदा भारी सरिया पलटते ही उस पर सवार ग्रामीणों के ऊपर गिर गया, जिससे तीन लोग उसके नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही चिचोली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया। मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीन मंगाई गई और कड़ी मशक्कत के बाद दबे हुए ग्रामीणों को बाहर निकाला गया। बरजोरपुर का रहने वाला था मृतक हादसे में बरजोरपुर निवासी प्रदीप इरपाचे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो अन्य घायल ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार के लिए चिचोली अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *