लुधियाना| धार्मिक स्थल पर माथा टेककर घर लौट रहे एक दंपती पर पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने रास्ते में घेरकर दोनों को डंडों से बेरहमी से पीटा और गंभीर रूप से घायल कर दिया। थाना मेहरबान की पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर 9 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस को दी शिकायत में गढ़ी फजल निवासी बबली कौर ने बताया कि वह अपने पति मलकीत सिंह के साथ गांव बूथगढ़ स्थित गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर एक्टिवा पर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में अर्जुन सिंह, त्रिलोचन सिंह, गुरदीप सिंह, हरदीप सिंह, जगदीश सिंह, संगत सिंह, हरविंदर सिंह, सज्जन सिंह और मंगल सिंह ने उन्हें रोक लिया। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने बिना किसी बात के दोनों पर डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर उसे उठाकर पास के जंगल में ले गए और अधमरा होने तक पीटा। हमले में उसके पति मलकीत सिंह के सिर में गंभीर चोटें आईं। घायल मलकीत सिंह को इलाज के लिए अरोड़ा न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है, जबकि बबली कौर सिविल अस्पताल लुधियाना में उपचाराधीन है। जांच अधिकारी जोगिन्द्र पाल सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है ।


