हरदा में माहेश्वरी समाज के करीब 100 साल पुराने मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह बुधवार से शुरू हो गया। पहले दिन समाज ने शहर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली, जिसमें भगवान श्री कृष्ण और राधारानी की प्रतिमाओं को आंखों पर पट्टी बांधकर नगर भ्रमण कराया गया। यह शोभायात्रा मदन मोहन मंदिर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नवनिर्मित कन्हैया मंदिर पहुंची, जहां इसका जगह-जगह स्वागत किया गया। सिर पर कलश रखकर चलीं महिलाएं समाज के युवा सदस्य डॉ. विपुल बांगड़ ने बताया कि शोभायात्रा में समाज की महिलाएं सिर पर कलश धारण कर चल रही थीं, जबकि पुरुष सफेद वस्त्र पहनकर भजन गा रहे थे। पूरा माहौल भक्तिमय हो गया था। यह आयोजन नगर के सुप्रसिद्ध ज्योतिषी पंडित मुरलीधर व्यास के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आज होंगे हवन-पूजन, रात में प्रवचन समाज के अध्यक्ष दिनेश राठी ने बताया कि समारोह के दूसरे दिन, यानी गुरुवार (19 फरवरी) को रामानुजाचार्य केशवाचार्य महाराज (बालक स्वामीजी) के सानिध्य में हवन, पूजन और अनुष्ठान होंगे। दोपहर में महिला मंडल द्वारा भजन-कीर्तन किया जाएगा और रात 8 बजे बालक स्वामीजी के प्रवचन होंगे। 20 को होगी प्राण प्रतिष्ठा समारोह के तीसरे और अंतिम दिन, शुक्रवार (20 फरवरी) को सुबह 7:30 बजे भगवान श्री राधा-कृष्ण की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके बाद सुबह 11 बजे पूर्णाहुति और महाआरती होगी, जिसके उपरांत प्रसादी वितरण किया जाएगा।


