सिटी रिपोर्टर | बोकारो बोकारो जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में बुधवार को जेएससीए अंतर जिला अंडर 23 एलीट ग्रुप क्रिकेट टूर्नामेंट में ग्रुप-बी का दूसरा मैच खेला गया। सेक्टर-3 स्थित ट्रेनीज हॉस्टल ग्राउंड में खेले गए मैच में रांची ने अभिनव सागर की शतकीय पारी की मदद से हजारीबाग को 112 रनों से पराजित कर पहली जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रांची ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 264 रन बनाया। इसमें अभिनव सागर ने 111, नितिन कुमार ने 44, सन्नी सचिन ने 29, यश कुमार ने 23 व आर्यन राज ने 22 रन बनाया। गेंदबाजी में हजारीबाग के राहुल रजक ने 52 रन देकर 4 विकेट लिए। जबकि सचिन व अजय को दो-दो सफलता मिली। जवाबी पारी खेलने उतरी हजारीबाग की टीम 45.1 ओवर में 152 रनों पर सिमट गई। इसमें संदीप कुमार ने 33, आनंद कुमार ने 31, सुमित ने 27 व संजय कुमार ने 18 रन बनाए। गेंदबाजी में रांची के कृष्ण यादव ने 35 रन देकर व शीत कुमार ने 22 रन देकर तीन-तीन विकेट लिए। जबकि अमन मिश्रा को दो सफलता मिली। मैच में शतकीय पारी के लिए रांची के अभिनव को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड जेएससीए जिला उप समिति के चेयरमैन सह बीडीसीए के अध्यक्ष पीएन सिंह ने सौंपा।


