डीसी ने जांच समिति का किया गठन यह माइंस एक दिन या एक माह में खोदा नहीं गया है। करीब दो से तीन एकड़ में फैले ओपन माइंस की जानकारी खनन विभाग को नहीं लगी या पुलिस को जानकारी नहीं हुई, यह मानने लायक नहीं है। हालांकि इसको लेकर बोकारो डीसी अजय नाथ झा ने भतुआ स्थित दामोदर क्षेत्र में अतिक्रमण तथा बालू के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण की जांच के लिए वन प्रमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। समिति में डीपीएलआर निदेशक, अपर समाहर्ता, जिला खनन पदाधिकारी, सिटी डीएसपी, बीएसएल प्रबंधन की ओर से नामित सदस्य को शामिल किया गया है। समिति को निर्देश दिया गया है कि क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाकर अवैध खनन और अतिक्रमण पर रोक लगाई जाए। साथ ही 15 दिनों के भीतर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराना है। बोकारो | बोकारो स्टील सिटी से सटे भतुआ बस्ती के पास माफियाओं ने ओपन माइंस बना दिया है। इससे 1 लाख 66 हजार 400 सीएफटी मिट्टी और 2 लाख 21 हजार 862 सीएफटी बालू का अवैध रूप से खनन किया गया है। इस मामले में खनन विभाग ने तीन लोगों के विरूद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। खान निरीक्षक सीताराम टुडू के नेतृत्व में उक्त स्थल की जांच की गई तो पाया कि वहां एक ओपन माइंस बनाकर बालू का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। टीम ने जांच के बाद यह आकलन किया कि उक्त माइंस से भारी मात्रा में अवैध तरीके से मिट्टी और बालू का खनन किया गया है। खनन पदाधिकारी ने बताया कि मामले में निर्मल महतो, अंबुज साव और संजीव महतो की संलिप्तता सामने आई है। इनके विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
खनन माफिया द्वारा बनाया अवैध ओपन माइंस।


