हाथियों के आने की सूचना देने के लिए बेरमो में स्थापित होगा नियंत्रण कक्ष

सिटी रिपोर्टर| बोकारो बुधवार शाम गोमिया प्रखंड क्षेत्र में हाथियों के एक झुंड के प्रवेश की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इस संबंध में उपायुक्त अजय नाथ झा ने बुधवार शाम अपने गोपनीय कार्यालय कक्ष से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से एक उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, वन पदाधिकारी संदीप शिंदे, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो मुकेश मछुआ, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी शामिल हुए। डीसी ने निर्देश दिया कि पुलिस, वन विभाग, आपदा प्रबंधन, विद्युत विभाग, सीएसआर इकाई एवं स्थानीय प्रशासन आपस में समन्वय स्थापित कर स्थिति पर सतत निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि हाथियों की गतिविधियों की नियमित ट्रैकिंग करें तथा संभावित संवेदनशील गांवों को चिह्नित कर अग्रिम एहतियाती कदम उठाएं। डीसी ने अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो को तत्काल प्रभाव से अनुमंडल स्तर पर एक नियंत्रण कक्ष स्थापित करने को कहा। यह नियंत्रण कक्ष 24×7 कार्यरत रहेगा तथा किसी भी आपात सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करेगा। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से ग्रामीणों की शिकायत, सूचना एवं सहायता अनुरोध प्राप्त कर संबंधित विभागों को तत्काल सूचित किया जाएगा। त्वरित सूचना के लिए व्हाट्सएप समूह का गठन विभिन्न विभागों के बीच सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के उद्देश्य से एक अलग व्हाट्सएप समूह गठित करने का निर्देश दिया। इस समूह के माध्यम से हाथियों की लोकेशन, गतिविधियों तथा संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों की जानकारी तत्काल साझा की जाएगी। उपायुक्त ने ग्रामीणों को हाथियों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। माइकिंग एवं ग्राम सभा के माध्यम से लोगों को सतर्क रहने, रात में अकेले बाहर न निकलने तथा हाथियों को उकसाने से बचने की सलाह दी जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *