सिटी रिपोर्टर | बोकारो शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और शैक्षणिक गुणवत्ता को निरंतर बढ़ावा देने के लिए डिस्ट्रिक रामरुद्र सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस चास के प्रभारी प्रधानाध्यापक संतोष कुमार को प्रतिष्ठित ग्लोबल एजुकेटर अवार्ड 2025-26 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान इंटरनेशनल ओलंपियाड फाउंडेशन की ओर से प्रदान किया गया है। यह गौरवपूर्ण सम्मान शिक्षा में नवाचार, विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सशक्त बनाने तथा समर्पित नेतृत्व के माध्यम से विद्यालय को उत्कृष्टता की दिशा में अग्रसर करने हेतु प्रदान किया गया। इस उपलब्धि पर पूरे बोकारो जिले को गौरवान्वित किया है। विद्यालय के प्रबंधक एमपी सिंह ने सम्मान-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान करते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि है, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार की सामूहिक मेहनत, अनुशासन और शैक्षणिक प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी तथा भविष्य में और भी उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त होंगे। विद्यालय परिवार, शिक्षक, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे शिक्षा जगत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। सभी ने उज्ज्वल शैक्षणिक वातावरण के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।


