बोकारो | जन शिक्षण संस्थान बोकारो में श्रम एवं रोजगार विभाग के सहयोग से पंजीकरण एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस दौरान संस्थान के 50 प्रशिक्षुओं का श्रम व रोजगार विभाग में पंजीकरण कराया गया, ताकि उन्हें रोजगार के अवसर प्राप्त हो सके। कार्यक्रम में नियोजन विभाग के जयदेव कुमार, सुनील कुमार व जय प्रकाश ने विभिन्न रोजगार के अवसरों व सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। निदेशक नेहा पराशर ने विद्यार्थियों को ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा अपने करियर विकास के लिए उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। झारखंड सरकार कल्याण विभाग की ओर से संचालित गुरुकुल के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और प्रशिक्षुओं को मोबाइल असेंबलिंग, सिलाई मशीन ऑपरेटर, फूड सेक्टर में शेफ, फिटर तथा अन्य कौशल क्षेत्रों में रोजगार की जानकारी दिया। मौके पर कार्यक्रम पदाधिकारी विद्या कुमारी, लेखाकार अंकित शर्मा, रूपाली राज आदि उपस्थित रहे।


