भास्कर न्यूज |लुधियाना नीला झंडा गुरुद्वारा साहिब के पास दो दिन की नवजात बच्ची को बेचने के मामले में गिरफ्तार बीएएमएस डॉक्टर मनमीत कौर ने पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया है। आरोपी डॉक्टर ने कबूल किया है कि यह उसका पहला मामला नहीं है, बल्कि इससे पहले भी वह दो नवजात बच्चों की सौदेबाजी करवा चुकी है। एसएचओ नरदेव ने बताया कि आरोपी मनमीत कौर को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई थी। इस दौरान उसने स्वीकार किया कि पहले एक बच्चा जालंधर और दूसरा लुधियाना में ही बेचा गया था। पुलिस अब उन दोनों मामलों से जुड़े लोगों की पहचान और लेन-देन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। इस मामले में पुलिस ने डॉक्टर मनमीत कौर के साथ-साथ रूचि निवासी संत विहार नगर और मनदीप कौर को भी आरोपी बनाया है। तीनों को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


