भास्कर न्यूज |लुधियाना कर्ज के दबाव से परेशान एक होजरी कारोबारी सुसाइड लेटर छोड़कर लापता हो गया। मामला किला मोहल्ला इलाके का है। लापता कारोबारी की पहचान राज कुमार उर्फ विक्की गाबा निवासी नवीन नगर के रूप में हुई है। वह गांधी नगर स्थित किला मोहल्ला में एएमके प्रोडक्ट्स नाम से फैक्ट्री चलाता है। कारोबारी के भाई संदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका भाई 17 फरवरी की शाम फैक्ट्री से निकला था, लेकिन घर नहीं लौटा। जाने से पहले उसने मोबाइल मैसेज और एक सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें अपने आर्थिक हालात और कुछ लोगों द्वारा पैसे न लौटाने की बात लिखी है। भाई संदीप ने बताया कि उन्होंने थाना डिवीजन-4 की पुलिस को शिकायत दी है। वहीं थाना डिवीजन-4 के एसएचओ गुरजीत सिंह ने बताया लापता कारोबारी की तलाश कर रहे हैं। पुलिस के पास सुसाइड नोट समेत अन्य सबूत मौजूद हैं। मैं राज कुमार (विक्की गाबा), मालिक AMK प्रोडक्ट्स, अपनी मर्जी से आत्महत्या करने जा रहा हूँ। मेरी आत्महत्या के लिए कुछ लोग जिम्मेदार हैं, जिनसे मुझे कई लाख रुपये लेने हैं। कई साल हो गए हैं, लेकिन वे मुझे पैसे नहीं दे रहे हैं। मैं बैंक की ईएमआई नहीं भर पा रहा हूं। अब मेरे पास कुछ भी नहीं बचा है। मेरी आत्महत्या के लिए जिम्मेदार लोग हैं – (8 लोगों के नाम लिखे ),,, मैं अपने परिवार से बहुत प्यार करता हूं। कौन चाहता है कि वह अपना परिवार छोड़ दे? लेकिन इन लोगों की वजह से मुझे यह कदम उठाना पड़ रहा है। इन सभी लोगों से मेरी जो रकम बनती है, वह वसूल करके मेरे परिवार को दी जाए। मुझे सिर्फ बिट्टू पाजी को 50,000 रुपये देने हैं। उन्होंने पिछले महीने मेरी मदद की थी, इसलिए उनकी रकम जरूर दी जाए। इसके अलावा किसी और को कोई भुगतान नहीं करना है। जिन लोगों ने मेरी पेमेंट मारी है, उनके मोबाइल नंबर पीछे लिखे हुए हैं।


