लुधियाना| शहर के खासी कलां इलाके में पारिवारिक रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। शनिवार सुबह करीब 9:40 बजे खेत जाने निकले युवक पर उसके ही चाचा ने अपने बेटे और साथियों के साथ जानलेवा हमला कर दिया। लाठी-डंडों और लोहे के कड़े से की गई पिटाई में युवक के दोनों हाथ फ्रैक्चर हो गए। पीड़ित सतनाम सिंह ने बताया कि वह रोज की तरह खेतों की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसके चाचा ने उसे घेर लिया। चाचा के साथ उसका बेटा और अन्य लोग भी मौजूद थे। आरोप है कि सभी ने मिलकर अचानक उस पर हमला कर दिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दी। मारपीट के दौरान सतनाम जमीन पर गिर पड़ा। किसी तरह जान बचाकर वह मौके से भागने में सफल रहा और लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचा। डॉक्टरों के अनुसार उसके दोनों हाथों में गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है। पीड़ित ने बताया कि करीब दो साल पहले उसका आरोपियों के साथ विवाद हुआ था, जिस पर मामला दर्ज हुआ था। बाद में समझौता हो गया था, लेकिन आरोपी उसी बात की रंजिश रखे हुए थे। जमालपुर पुलिस थाना ने कृपाल सिंह, ओमप्रीत सिंह और सुरजीत सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी करनजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले की जांच जारी है।


