भास्कर न्यूज | अंबागढ़ चौकी जिला मुख्यालय मोहला में खाद्य अधिकारियों के द्वारा धान खरीदी के दौरान अवैध उगाही के मामले को लेकर भावसा और सिवनी के किसानों ने जनदर्शन में अपर कलेक्टर जीआर मरकाम से मुलाकात किया। किसानों का आरोप है कि धान खरीदी के दौरान खाद्य विभाग के अधिकारियों ने किसानों के घर में छापा मारकर अवैध धान का कहानी बनाया और पैसे देने दबाव बनाया जब पैसा नहीं दिया तो धान को अवैध घोषित कर दिया। इसी प्रकार धान को अवैध बताकर जब्ती बनाया और पैसा देने पर बेचने का प्रलोभन दिया पर जब किसान के द्वारा 25 हजार देने के बावजूद टोकन नहीं काटने दिया गया और ना ही किसान को उक्त राशि को वापस किया गया। इसी तरह अवैध धान परिवहन के लिए जब्त किए ट्रैक्टर व धान को छुड़वाने के लिए भी खाद्य अधिकारी के द्वारा 35 हजार का डिमांड किया जा रहा है। एक महीने से ट्रैक्टर जब्त है जिससे किसान व ट्रैक्टर मालिक परेशान है। जनदर्शन में पहुंचे सिवनी के किसान रामलाल धुर्वे ने बताया कि उनके घर फूड विभाग के अधिकारी धान के सत्यापन के दौरान पहुंचे थे। उन्होंने धान का सत्यापन किया व मुझे 40 हजार मांगे। मेरी माता बुधियारिन बाई के नाम से रकबा है। मैंने कहा कि मेरा घर का धान है पूरा देवभोग धान है, एक भी दाना दूसरा धान नहीं है मैं एक पैसा नहीं दूंगा। तब फूड के अधिकारी ने धान सत्यापन को शून्य दर्शाया और मैं घर का धान होने के बावजूद धान नहीं बेच पाया हूं। इसका शिकायत मैंने तत्काल में कलेक्टर से मुलाकात करके भी कर चुका हूं। ऐसे अधिकारी के ऊपर कार्रवाई होना चाहिए। किसान अपनी उपज नहीं बेच पाए, व्यापारियों ने खपाए धान: मामले को लेकर जनपद पंचायत मानपुर के उपाध्यक्ष देवानंद कौशिक ने अपने लेटर पैड में कलेक्टर जनदर्शन कलेक्टर में अपर कलेक्टर को पूरे मामले से अवगत कराया है। कहा कि खाद्य विभाग लंबे समय से वसूलने का कार्य कर रहे है। धान खरीद के मामले में सबसे ज्यादा अवैध उगाही का कार्य खाद्य विभाग के अधिकारियों ने किया है। जहां किसान अपनी उपज नहीं बेच पाए वही खाद्य अधिकारियों के संरक्षण में कई कोचिया लाखों का अवैध धान समितियों में खपा दिए हैं। ऐसे भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों के ऊपर निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई, किसानों का राशि वापस, जब्त धान को नियमानुसार वापस करने का प्रस्ताव दिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी: अपर कलेक्टर जीआर मरकाम ने कहा कि मामले की शिकायत मिली है, जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। कोचिया का धान बताकर बनाई जब्ती: लोमेश ठाकुर भावसा के किसान लोमेश ठाकुर ने बताया कि उनके पिता कार्तिक राम ठाकुर के नाम से धान विक्रय करना था। घर में 100 कट्टा धान रखा था जिसे कोचिया का धान है करके जब्ती बनाया गया उसके बाद 40 हजार का डिमांड पूरा करने पर धान बेच देने का प्रलोभन दिया। तब फूड कार्यालय मोहला में खाद्य अधिकारी आशीष रामटेके, खाद्य अधिकारी धरमु राम किरंगे व खाद्य निरीक्षक हेमंत नायक तीनों के उपस्थिति में हेमंत नायक को 25 हजार नगद राशि दिया। परन्तु जब धान बेचने की बारी आई तो समय खत्म होना बता दिया।


