भास्कर न्यूज | राउरकेला राजगंगपुर थाना पुलिस ने संगठित साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय ‘म्यूल अकाउंट’ नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। सुंदरगढ़ पुलिस के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि करीब 74 लाख रुपए की संदिग्ध राशि वाले बैंक खातों को फ्रीज किया गया है। जांच में अब तक 4 करोड़ रुपये से अधिक के लेन-देन का खुलासा हुआ है। पुलिस को मिली खुफिया सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर ऑनलाइन धोखाधड़ी से जुड़ी संदिग्ध बैंकिंग गतिविधियों की जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान चार बैंक खातों की पहचान की गई, जिन्हें “म्यूल अकाउंट” के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। इन खातों के जरिए विभिन्न राज्यों के पीड़ितों से साइबर ठगी कर प्राप्त धनराशि जमा कर तेजी से अन्य खातों में ट्रांसफर की जाती थी। मामले में पुलिस ने भारतीय दंड संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। म्यूल अकाउंट संचालन में सीधे संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि गिरोह से जुड़े अन्य अंतरराज्यीय सदस्यों, लाभार्थियों और संचालकों की पहचान के लिए जांच जारी है। फिशिंग और फर्जी निवेश योजनाओं से की गई ठगी प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गिरोह फिशिंग, फर्जी निवेश योजनाओं और ऑनलाइन ठगी कॉल के माध्यम से लोगों को जाल में फंसा रहा था। पकड़े जाने से बचने के लिए ठगी की रकम को तुरंत अलग-अलग खातों में स्थानांतरित कर दिया जाता था, जिससे ट्रांजेक्शन ट्रैक करना कठिन हो जाए।


