गिरिडीह के बेंगाबाद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रखंड अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह की मौत हो गई। घटना देवघर-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर सोनबाद के पास हुई। सुरेन्द्र सिंह बाइक से गिरिडीह की ओर जा रहे थे। उनके आगे एक पत्थर लदा ट्रक तेज रफ्तार में चल रहा था। सोनबाद के पास ट्रक का टायर अचानक फट गया। इस दौरान ट्रक से गिरे पत्थर सुरेन्द्र सिंह पर जा गिरे। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बेंगाबाद थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को जब्त कर लिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग सदर अस्पताल पहुंचे। मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जिला क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष भुनेश्वर सिंह ने कहा कि सुरेन्द्र सिंह समाज के सक्रिय सदस्य थे। वे समाज के उत्थान के लिए निरंतर प्रयास करते थे। उनके निधन से समाज को बड़ी क्षति हुई है।


