भास्कर न्यूज | सेल बिजली उपभोक्ताओं को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने और स्मार्ट मीटर को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से टाटा पावर व छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा गिरौदपुरी क्षेत्र में विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आयोजित नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों और बिजली उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। नुक्कड़ सभा में विशेषज्ञों ने कहा कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के हित में एक महत्वपूर्ण तकनीकी कदम है। इससे सटीक रीडिंग प्राप्त होगी और उपभोक्ताओं को केवल उतनी ही बिजली का भुगतान करना होगा, जितनी वे वास्तव में उपयोग करेंगे। मीटर रीडिंग में मानवीय हस्तक्षेप समाप्त होने से गलत बिलिंग की समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी। रियल-टाइम मॉनिटरिंग से मिलेगी सुविधा: कार्यक्रम में बताया गया कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ता अपनी बिजली खपत पर स्वयं नजर रख सकेंगे। इससे ऊर्जा की बचत को बढ़ावा मिलेगा और उपभोक्ताओं को अपने खर्च पर बेहतर नियंत्रण मिलेगा। वर्तमान में चल रहे स्मार्ट मीटर पखवाड़ा अंतर्गत गिरौदपुरी और आसपास के गांवों के चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक व जनसभाएं आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य तकनीकी बदलाव को लेकर लोगों के मन में व्याप्त डर और भ्रम को दूर करना है। स्मार्ट मीटर अपनाने के लिए प्रेरित किया गया अभियान में गिरौदपुरी विद्युत विभाग की टीम का विशेष योगदान रहा। विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्थानीय भाषा में लोगों को तकनीकी पहलुओं की सरल जानकारी दी और स्मार्ट मीटर अपनाने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सीधे संवाद से उनकी कई शंकाओं का समाधान हुआ है। टाटा पावर और सीएसपीडीसीएल का यह संयुक्त प्रयास क्षेत्र में ऊर्जा साक्षरता बढ़ाने और पारदर्शी विद्युत व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


