महासमुंद| ग्राम पंचायत अचानकपुर में जन आरोग्य समिति के सदस्यों और पंचायत प्रतिनिधियों के लिए आयोजित दो दिवसीय स्वास्थ्य सुदृढ़ीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को समापन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं को ग्रामीण स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना और समुदाय में जागरूकता फैलाना रहा। प्रशिक्षण के पहले दिन आयुष्मान आरोग्य मंदिर से जुड़ी जन आरोग्य समिति के सदस्यों को गहन प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने आयुष्मान भारत योजना, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और बीमारियों की रोकथाम के लिए समय पर उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। दूसरे दिन पंचायत प्रतिनिधियों के साथ विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान मातृ मृत्यु और शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उपाय के बारे में चर्चा किया गया। कुपोषण मुक्ति के लिए बच्चों और महिलाओं में कुपोषण को दूर करने जागरूकता के बारे में बताया गया। समुदाय में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना। जिला समन्वयक जागृति बरेठा, प्रशिक्षक देवकी साहू, चारू दीवान एवं एसपीएस हेमवती ने विषय विशेषज्ञ के रूप में प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। समापन पर सभी प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य गतिविधियों को सक्रिय रूप से संचालित करने का संकल्प लिया। इस मौके पर सरपंच ऋषि चौधरी, सचिव रामकुमार नायक, पीएचसी सिरपुर प्रभारी वीरेंद्र कुमार नायक सहित सीएचसी रायतुम, जलकी और अचानकपुर क्षेत्र की समितियों ने हिस्सा लिया।


