भास्कर न्यूज | कवर्धा शहर के अंबेडकर चौक से समनापुर पुल तक करीब 1 किमी लंबी सड़क का चौड़ीकरण प्रस्ताव को लेकर टकराव की स्थिति बनती दिख रही है। 2 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत से बीटी रोड और नाली निर्माण का काम होना है। लेकिन 55 फीट चौड़ाई के प्रस्ताव ने करीब 30 पक्के मकान और दुकानों के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा कर दिया है। मंगलवार रात राजमहल चौक स्थित राजीव पार्क में प्रभावित परिवारों की बैठक हुई। लोगों ने खुलकर आपत्ति जताई कि 55 फीट चौड़ी सड़क बनने पर कई मकान और दुकानें पूरी तरह जद में आ जाएंगी। बुधवार दोपहर नगर पालिका कार्यालय में वार्डवासियों, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी और पार्षदों के बीच बैठक हुई। यहां माहौल गरमाया रहा। हालांकि अंततः संवाद की सहमति बनी। फिलहाल मामला संवाद के दौर में है। लेकिन यदि डिजाइन में संशोधन नहीं हुआ, तो विरोध तेज हो सकता है। किसी घर से 3 तो किसी से 7 फीट तक तोड़फोड़ करेंगे प्रशासनिक सर्वे में प्रभावित मकानों को चिन्हित किया जा चुका है। दोबारा टेप लेकर नगर पालिका के कर्मचारी नापजोख कर रहे हैं। किसी घर से 3 फीट, किसी से 5 फीट तो कुछ से 7 फीट तक हिस्सा चौड़ीकरण के दायरे में आ रहा है। वर्तमान में सड़क घुमावदार है, जिसे सीधा किया जाना है। इससे कई परिवार प्रभावित होंगे। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि वार्डवासियों की बात गंभीरता से सुनी गई है। उन्होंने कहा कि लोग चाहते हैं कि सड़क बने, लेकिन 55 फीट चौड़ाई से ज्यादा नुकसान होने की बात रखी है। 40 फीट तक करने की मांग कर रहे हैं। हमारी ओर से कहा गया है कि 2- 3 और बैठकें करेंगे। सड़क चौड़ीकरण जरूरी है, लेकिन नुकसान कम से कम हो, इसका ध्यान रखा जाएगा।


