भास्कर न्यूज | रायगढ़ नगर निगम ने राजस्व वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बड़े बकायादारों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। सालों से जलकर का उपयोग कर टैक्स नहीं चुकाने वाले तीन उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन काट दिए गए हैं। इस कार्रवाई से अन्य बकायादारों में हड़कंप मच गया है। निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने मंगलवार को राजस्व शाखा की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 50 हजार रुपए से अधिक के संपत्तिकर, समेकित कर, जलकर एवं यूजर चार्ज बकायादारों के विरुद्ध नल कनेक्शन काटने और सीलिंग की कार्रवाई की जाए। बैठक में निगम की दुकानों से किराया और टैक्स वसूली की भी समीक्षा की गई। सभी सहायक राजस्व निरीक्षकों को जलकर बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ अभियान चलाकर वसूली तेज करने के निर्देश दिए गए। 2.40 लाख था बकाया इसी क्रम में बुधवार को राजस्व शाखा की टीम ने विभिन्न वार्डों में अभियान चलाया। वार्ड क्रमांक 18 और 19 के टाउन हॉल के सामने सोनारपारा, पैलेस रोड क्षेत्र में सत्यनारायण, शिवमंगल और राजेश के मकानों में कुल 2,40,854 रुपए बकाया पाए जाने पर नल कनेक्शन काट दिए गए। अभियान के दौरान मौके पर ही 78,759 रुपए जलकर की वसूली भी की गई।


