बोर्ड परीक्षा से 2 घंटे पहले छत से गिरी छात्रा, हुई मौत

भास्कर न्यूज | रायगढ़ रायगढ़ मेडिकल कॉलेज कैंपस के स्टाफ क्वार्टर में बुधवार सुबह सीबीएसई बोर्ड परीक्षा देने जाने से दो घंटे पहले 12वीं की छात्रा छत से गिर गई। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार अनन्या सर्वे (16) संस्कार स्कूल की छात्रा थी। उसका परीक्षा केंद्र डीपीएस स्कूल था। बुधवार को उसकी पहली परीक्षा थी। अनन्या के पिता राजेश सर्वे रायगढ़ मेडिकल कॉलेज के डीन कार्यालय में वर्ग-2 क्लर्क हैं। परिवार पिछले 10 साल से कॉलेज परिसर के स्टाफ क्वार्टर में रह रहा है। परिजनों के अनुसार अनन्या मंगलवार रात करीब 2 बजे तक परीक्षा की तैयारी करती रही। सुबह बस तक छोड़ने के लिए भी कहा था। सुबह करीब 6 बजे वह छत पर टहल रही थी, इस दौरान नीचे गिर गई। वहां नीचे खेल रहे बच्चों ने परिजनों को सूचना दी। उसे गंभीर हालत में एम्बुलेंस से मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया। करीब 7:45 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर चक्रधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। स्था​नीयों ने बताया-7 साल पहले हुई है ऐसी ही घटना स्टाफ क्वार्टर में छत से गिरकर हुई मौत की यह दूसरी घटना है। स्थानीय महिलाओं ने बताया कि करीब सात साल पहले भी इसी बिल्डिंग में रहने वाली महिला की छत से गिरकर मौत हो चुकी है। महिला का बेटा भी मेडिकल कॉलेज में क्लर्क था, इसलिए यहां रह रहा था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *