पात्र स्कूलों की सूची तैयार की जा रही है, पहला चरण भी शुरू

भास्कर न्यूज | रायगढ़ आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ाई का अवसर देने वाली आरटीई व्यवस्था इस बार सिमट गई है। सत्र 2026-27 के लिए 16 फरवरी से शुरू हुई प्रवेश प्रक्रिया में रायगढ़ जिले में सीटों की संख्या में भारी कटौती कर दी गई है। शासन के नए निर्देशों के अनुसार अब केवल पहली कक्षा में ही आरटीई के तहत प्रवेश दिया जाएगा। इस फैसले का सीधा असर सीटों की संख्या पर पड़ेगा। पिछले सत्र में जिले में कुल 2088 सीटें उपलब्ध थीं, जो इस बार घटकर 711 रह गई हैं। यानी 1377 सीटें कम हो गई हैं। प्रतिशत के हिसाब से देखें तो लगभग 65 फीसदी की कमी आई है। पिछले साल केजी-1 से लेकर कक्षा पहली तक आरटीई के तहत एडमिशन दिए गए थे। 2088 उपलब्ध सीटों में से 1836 बच्चों ने प्रवेश लिया था। इससे साफ है कि आरटीई के तहत निजी स्कूलों में दाखिले की मांग लगातार बनी हुई है। लेकिन इस बार प्री-प्राइमरी (केजी) कक्षाओं को आरटीई दायरे से बाहर कर दिया गया है। अब केवल कक्षा पहली की स्वीकृत सीटों के आधार पर ही प्रवेश दिए जाएंगे। आरटीई के तहत वर्तमान में नोडल अधिकारियों द्वारा स्कूलों का सत्यापन कार्य जारी है। प्रथम चरण में छात्र पंजीयन 16 फरवरी से 31 मार्च तक होगा। इसके बाद 13 अप्रैल से 17 अप्रैल के बीच लॉटरी एवं सीट आबंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। चयनित छात्रों को 1 मई से 30 मई के बीच संबंधित स्कूलों में प्रवेश लेना अनिवार्य होगा। द्वितीय चरण की प्रक्रिया 8 जून से शुरू होगी, जिसमें नए स्कूलों का पंजीयन किया जाएगा। इसके बाद 1 जुलाई से 11 जुलाई तक छात्र पंजीयन होंगे। 27 जुलाई से 31 जुलाई के बीच लॉटरी एवं आबंटन होगा। चयनित छात्रों को 3 अगस्त से 17 अगस्त तक प्रवेश लेना होगा। जिला शिक्षा विभाग के अनुसार नोडल अधिकारियों द्वारा निजी स्कूलों का सत्यापन कार्य जारी है। पात्र स्कूलों की सूची तैयार की जा रही है। प्रवेश का पहला चरण शुरू हो चुका है और निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सीटों में कटौती की खबर के बाद कई अभिभावकों में चिंता का माहौल है। जिन परिवारों ने केजी में प्रवेश की उम्मीद की थी, उन्हें अब विकल्प सीमित नजर आ रहे हैं। पिछले वर्ष 1836 बच्चों को लाभ मिला था। ^शासन के निर्देशानुसार आरटीई के तहत प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आवेदन 16 फरवरी से 31 मार्च तक लिए जाएंगे। इसके बाद निर्धारित तिथि पर लॉटरी के माध्यम से सीटों का आबंटन किया जाएगा। केवी वेंकट राव, जिला शिक्षा अधिकारी

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *