महासमुंद| जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कड़ाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना सांकरा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने सांकरा क्षेत्र के ग्राम सागुनढाप-कोड़ाडीपा के पास चल रहे अवैध शराब निर्माण के ठिकाने को ध्वस्त कर दिया है। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने दबे पांव छापामार कार्रवाई करते हुए मौके से भारी मात्रा में कच्ची शराब जब्त की है। शाम करीब 5 बजे पुलिस टीम ने ग्राम सागुनढाप के सौरखार के पास दबिश दी। यहां पुलिस को देखते ही आरोपियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से 45 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 9 हजार रुपए आंकी गई है। अवैध शराब बनाने और बेचने के आरोप में पुलिस ने कोड़ाडीपा निवासी तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जो आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। आरोपियों के नाम सार्तिक जमींदार (50),देवेंद्र कुमार जमींदार (26), श्रीकांत जमींदार (19) हैं। इन तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।


