भास्कर न्यूज | सूरजपुर लटोरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सुंदरगंज (बथानपारा) में बुधवार को शासकीय भूमि से कब्जा हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को विरोध झेलना पड़ा। ग्रामीणों ने टीम पर पथराव किया, जिससे जेसीबी मशीन व कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि गांव में ही दो पक्ष आपस में भिड़ गए, जिससे इलाके में तनाव व्याप्त है। लटोरी तहसील के ग्राम सुंदरगंज स्थित खसरा नंबर 35, 255 और 552 की 100 एकड़ शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था। पंचायत ने कब्जा हटाने का प्रस्ताव पारित किया था। इसी आधार पर बुधवार को एसडीएम शिवानी जायसवाल, राजस्व अधिकारी व पुलिस बल के साथ टीम मौके पर पहुंची थी। जैसे ही जेसीबी मशीन से कटजा ढहाना शुरू किया, विरोध कर रहे ग्रामीण लामबंद हो गए। देखते ही देखते टीम पर पत्थरों की बौछार कर दी गई। पथराव में जेसीबी के शीशे टूट गए और कई अन्य वाहनों को भी निशाना बनाया गया। लाठी-डंडे चलने से कुछ ग्रामीणों को चोट आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर तैनात किया गया है। ग्राम पंचायत के प्रस्ताव के आधार पर कार्रवाई की गई ^पंचायत के प्रस्ताव पर ही प्रशासनिक कार्रवाई की थी। गांव में दो पक्षों के सक्रिय होने से विवाद बढ़ा और पथराव हुआ। मामले में सरकारी काम में बाधा डालने और हिंसा करने वालों पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। शिवानी जायसवाल, एसडीएम


