नरियरा| नगर पंचायत नरियरा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। अन्नदाता महिला स्व सहायता समूह द्वारा संचालित इस दुकान पर हितग्राहियों का कहना है कि केवाईसी के नाम पर 100 से 300 रुपए तक की वसूली की जाती है। निर्धारित 35 किलो चावल की जगह पिछले दो महीनों से 34 किलो या उससे भी कम दिया जा रहा है। शक्कर भी कम मात्रा में दी जा रही है और 17 रुपए के स्थान पर 20 रुपए वसूले जा रहे हैं। हितग्राहियों ने कहा जब वे वजन मशीन से तौलने की मांग करते हैं, तो संचालक उन्हें टाल देता है। वीरेंद्र बरेठ, रमेश निर्मलकर, सरस्वती केवट और दुष्यंत कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से जांच की मांग की है।


