बीजापुर| कृषि विभाग ने कृषि विज्ञान केंद्र में आत्मा योजना के तहत जिला स्तरीय किसान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया। कार्यक्रम में जिलेभर के किसानों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि स्थायी समिति के सभापति शंकरैया मंडावी ने की। इस दौरान जिपं सदस्य मैथ्यूज कुजूर, लच्छूराम मोड़ियामी, जपं अध्यक्ष उसूर पूर्णिमा तेलम, जपं अध्यक्ष भैरमगढ़ दशरी कोरसा, उपाध्यक्ष त्रिपति पुनेम, जपं सदस्य सरोजिनी मौजूद थे। अतिथियों ने किसानों को सरकारी योजनाओं का फायदा लेने प्रेरित किया। उप संचालक कृषि पीएस कुशरे ने प्राकृतिक खेती, पीएम आशा योजना व विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। इसके अलावा कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने उन्नत कृषि तकनीक, आधुनिक खेती के तौर-तरीकों व मशरूम उत्पादन के बारे में भी बताया गया। मेले में कृषि विज्ञान केंद्र, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, उद्यानिकी विभाग व किसान उत्पादक संगठनों ने स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों से किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक उपकरण, पशुपालन व उद्यानिकी से जुड़ी जानकारी दी गई। इसके अलावा किसानों ने ट्रैक्टर व कृषि यंत्रों का प्रदर्शन भी किया।


