स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का 180 मरीजों ने उठाया लाभ

भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ समाज सेवा की दिशा में निरंतर सक्रिय जागृति महिला समिति (हसदेव क्षेत्र) द्वारा बुधवार को तुर्राधाम, रामनगर में जन कल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। समिति ने जहां एक ओर केंद्रीय चिकित्सालय की टीम के सहयोग से विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया, वहीं महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कन्या पूजन और भोग प्रसाद का वितरण भी किया। जांच और उपचार मुख्य चिकित्सा अधिकारी के संरक्षण में आयोजित इस शिविर में आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शिविर में कुल 180 लोगों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया, जिनमें 45 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं और पुरुषों की संख्या सर्वाधिक रही। डॉक्टरों की टीम ने सर्दी-खांसी, हाई ब्लड प्रेशर, शुगर और कमर दर्द जैसी बीमारियों से ग्रसित मरीजों की जांच की और उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित कीं। शिविर को सफल बनाने में डॉ. प्रफुल्ल कुमार सिंह, डॉ. वामन, डॉ. प्रीता, डॉ. एस. वाफिया और चीफ फार्मासिस्ट एके पाटले ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समिति की अध्यक्ष डॉ. सरोज बाला बिश्नोई ने उपस्थित जनसमूह को आरोग्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विटामिन, प्रोटीन और खनिज तत्वों की कमी से होने वाली बीमारियों की जानकारी देते हुए संतुलित आहार का महत्व समझाया। साथ ही, ग्रामीणों को योग और प्राणायाम के प्रति प्रेरित करते हुए आगामी योग शिविर में शामिल होने का आह्वान किया। महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में जागृति महिला समिति की सदस्यों ने तुर्राधाम में विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद कन्या पूजन कर उन्हें सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। मंदिर आने वाले सभी श्रद्धालुओं को समिति की सदस्यों ने पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ भोग प्रसाद परोसा। कार्यक्रम में समिति की सचिव रुना मित्रा, सहसचिव पूनम रानी, कोषाध्यक्ष माला तिवारी सहित करुणा राय, सुष्मिता मिश्रा, सुमन जाखड़, रीना कुमार बघेल, मीना, चंदा नामदेव व अन्य सक्रिय सदस्यों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *