खेती को आसान और आधुनिक बनाने के लिए कृषि विभाग की ओर से चलाए जा रहे कृषि यंत्रीकरण उप मिशन (एसएमएएम)के तहत कृषि उपकरणों पर बंपर सब्सिडी दी जा रही है। इस वित्तीय वर्ष में अब तक जिले के 339 किसानों को लाभान्वित करते हुए 1.4 करोड़ रुपए की अनुदान राशि उनके खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है। विभाग की ओर से इस वित्तीय वर्ष में करीब 1000 किसानों का लक्ष्य रखते हुए 5.58 करोड़ रुपए अनुदान के दिए जाएंगे। अब तक 4838 किसानों ने सब्सिडी के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है। इनमें से 1215 किसानों को कृषि यंत्रों के लिए प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है। इसमें से सामान्य श्रेणी के 252, एससी के 80 तथा एसटी श्रेणी के 7 सहित 339 को कृषि यंत्रों पर सब्सिडी दी गई है। योजना में एससी, एसटी, लघु सीमान्त, महिला कृषकों को अधिकतम 50 प्रतिशत तथा अन्य किसानों को 40 प्रतिशत अनुदान एवं यंत्रवार अनुदान की अधिकतम सीमा तक अनुदान देय है। जिले में अधिकतर किसान रोटावेटर, कल्टीवेटर, डिस्क हैरो, डिस्क प्लाऊ, थ्रेशर, चाफकटर आदि उपकरणों के आवेदन कर रहे हैं। योजना के तहत आवेदन शुरू हैं। पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किसानों को अनुदान दिया जाएगा। अब तक 339 किसानों को 1.4 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है। विभाग का लक्ष्य 5.58 करोड़ रुपए से जिले के करीब 1000 किसानों को लाभान्वित करना है। -महेश कुमावत, सहायक कृषि निदेशक


