भास्कर न्यूज | लुधियाना विकास नगर स्थित श्री गीता मंदिर में महाशिवरात्रि का पावन पर्व अत्यंत धूमधाम से मनाया गया। महोत्सव का मुख्य आकर्षण पुरोहित जंगम मंडली द्वारा संपन्न कराया गया शिव विवाह रहा। इस अलौकिक आयोजन में रचना एवं रमेश आनंद के साथ उनके सुपुत्र कण्व और मोहित आनंद ने मुख्य यजमान के रूप में पूर्ण विधि-विधान और श्रद्धा भाव से पूजा संपन्न करवाई। विवाह की रस्मों के दौरान जंगम पुरोहित राजेंद्र और सरपाल ने अपनी विशिष्ट शैली में शिव-विवाह का सजीव चित्रण किया। बौराया है शिव शंकर और चले भोले बाबा गौरा को ब्याहने जैसे संगीतमय भजनों की प्रस्तुति ने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान रहा। इस अवसर पर भगवान गणेश की सवारी मूषक राज को विशेष रूप से विराजमान किया गया था। पं. राजन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिवरात्रि पर मूषक पूजन का विशेष महत्व है। मान्यता है कि मूषक के माध्यम से मांगी गई प्रार्थनाएं गणपति बप्पा और महादेव तक शीघ्र पहुंचती हैं। समाज और धार्मिक कार्यों में योगदान देने वाले रोहित शर्मा, रमेश आनंद, विनोद सहगल और आशीष गर्ग को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन में पुरुषोत्तम बंसी, रजत सूद, प्रदीप ढल, राजन उप्पल, ओम प्रकाश शर्मा, दीपक गुप्ता, सचिन बेरी, तेजिंदर कपूर, रणधीर शर्मा और परमिंदर सिंह आदि ने सेवाएं दीं। समागम के दौरान मौजूद मंदिर के सदस्य।


