भास्कर न्यूज | कोरबा ग्राम केराझरिया में ब्लॉक कबड्डी प्रीमियर लीग पाली सीजन 3 के लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल किया गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सत्यनारायण पैकरा के मार्गदर्शन में आयोजित इस ट्रायल में बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में ग्राम केराझरिया की सरपंच गिरिजा सत्यनारायण पैकरा, अंजू पैकरा, सरपंच दिलराज मरकाम, ब्लॉक कबड्डी संघ अध्यक्ष राजकुमार राज, पूर्व जनपद सदस्य राजकुमार सहित पदाधिकारी, सदस्य एवं निर्णायक उपस्थित रहे। लगभग 200 कबड्डी खिलाड़ियों ने ट्रायल में भाग लेकर अपने खेल कौशल, फिटनेस और जुझारूपन का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई, जिससे खिलाड़ियों में विश्वास और संतोष का भाव दिखाई दिया। सरपंच गिरिजा पैकरा ने कहा कि कबड्डी केवल शक्ति का खेल नहीं, बल्कि तालमेल, विश्वास और एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एक टीम में सात खिलाड़ी होते हैं, लेकिन जब सभी खिलाड़ी एकजुट होकर मैदान में उतरते हैं, तो किसी भी मजबूत रेडर को रोकना संभव हो जाता है। उन्होंने ट्रायल में खिलाड़ियों द्वारा प्रदर्शित समर्पण और ऊर्जा की सराहना करते हुए कहा कि यह भविष्य के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जीत के तीन महत्वपूर्ण स्तंभ ध्यान की एकाग्रता, आपसी सामंजस्य और संगठन की मजबूती को सदैव ध्यान में रखना चाहिए। जिस प्रकार मैदान में मजबूत पकड़ बनाकर रेडर को रोका जाता है, उसी प्रकार संगठन को भी सशक्त और संगठित बनाए रखना आवश्यक है। सरपंच दिलराज मरकाम ने कहा कि संगठन की मजबूती से ही खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पाली क्षेत्र आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के खेल मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा। ब्लॉक कबड्डी प्रीमियर लीग पाली सीजन 3 ग्राम पोटापानी मं 3 से 5 अप्रैल तक होगा।


