थान खम्हरिया| शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला नवागांव खुर्द में न्योता भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिसर में अपनत्व और सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत शैलेश शर्मा द्वारा भोजन मंत्र के साथ ही गई। इसके बाद बच्चों को खीर, पूरी, सब्जी, चावल, दाल, पापड़, सलाद और केला परोसा गया। छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण किया। ग्राम के सरपंच शिवकुमार मरकाम ने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई की जगह नहीं, बल्कि संस्कार, मित्रता और सामाजिक एकता का केंद्र होता है। इस प्रकार के आयोजनों से जातिगत भेदभाव दूर होता है और समाज में समरसता का भाव मजबूत होता है। प्रधानपाठिका रुक्मणी सेन ने कहा कि न्योता भोज जैसे आयोजन बच्चों को आपसी सहयोग, समानता और मिलजुल कर रहने की सीख देते हैं। इससे विद्यालय और समुदाय के बीच संबंध भी मजबूत होते हैं। कार्यक्रम में शिक्षक परमानंद साहू, राजेश ठाकुर, महेश मिर्जा, उमेश कुमार चंद्रवंशी, देवानंद त्रिपाठी, कौशिक सहित शाला स्टाफ उपस्थित रहा।


