भास्कर न्यूज | थान खम्हरिया छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी की वार्षिक बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी से प्रारंभ होगी। परीक्षा को लेकर तहसील क्षेत्र के सभी 11 केंद्रों में तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। लगभग दो हजार छात्र-छात्राएं इस वर्ष परीक्षा में शामिल होंगे। नगर में इस बार तीन के स्थान पर दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। भारतमाता शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला एवं बालक शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला को केंद्र बनाया गया है। केंद्राध्यक्ष संध्या दीपक एवं डाकवर ध्रुव ने बुधवार को परीक्षा केंद्रों में पहुंचकर बैठक व्यवस्था का जायजा लिया। दोनों केंद्रों में परीक्षार्थियों के लिए टेबल-कुर्सी की व्यवस्था की गई है। नगर के दोनों केंद्रों में थान खम्हरिया बालक व कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, कोपेडबरी हाईस्कूल, दर्री हाईस्कूल तथा सरस्वती शिशु मंदिर के कुल 645 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। भारतमाता शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला केंद्र में बालक हायर सेकेंडरी स्कूल के 165, दर्री हाईस्कूल के 38 तथा सरस्वती शिशु मंदिर के 165 सहित कुल 370 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं बालक हायर सेकेंडरी स्कूल केंद्र में कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला के 212 तथा कोपेडबरी हाईस्कूल के 64 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। तहसील क्षेत्र के अन्य परीक्षा केंद्र बनरांका, ओड़िया, कारेसरा, खैरझिटीकला, खाती, हाटरांका, किरकी एवं पदुमसरा सहित कुल 11 स्थानों पर केन्द्र बनाए गए हैं। बनरांका केंद्र में बनरांका हायर सेकेंडरी स्कूल के 120, गोपालपुर हाईस्कूल के 53 तथा नवागांवकला हायर सेकेंडरी स्कूल के 80 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी से प्रारंभ होकर 16 मार्च तक चलेगी। 20 फरवरी को कक्षा 12वीं के भूगोल एवं भौतिकी विषय की परीक्षा होगी, जबकि 21 फरवरी को कक्षा 10वीं के हिंदी विषय से परीक्षा शुरू होगी। छत्तीसगढ़ माध्यमिक मंडल के जारी निर्देशानुसार श्रेणी सुधार के लिए तीन वर्ष की छूट के साथ एक विषय में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को भी परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया गया है। थान खम्हरिया में ऐसे दो तथा बनरांका केंद्र में एक परीक्षार्थी शामिल होंगे।


