भास्कर न्यूज | देवरबीजा बच्चों को मध्याह्न भोजन का नहीं मिल रहा लाभ। बेरला ब्लॉक के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम पंचायत घोटमर्रा के अंतर्गत घोटमर्रा और चोटमर्रा ग्राम में अलग-अलग प्राथमिक शालाएं संचालित हैं। दोनों विद्यालयों में कुल दर्ज संख्या 28 छात्र-छात्राओं की है। 12 जनवरी से रसोइयों की हड़ताल के कारण मध्यान्ह भोजन योजना बंद पड़ी है, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। जानकारी के अनुसार चोटमर्रा प्राथमिक शाला में कक्षा पहली में 2, दूसरी में 3, तीसरी में 4, चौथी में 5 और पांचवी में 3 छात्र दर्ज हैं। इस प्रकार कुल दर्ज संख्या 17 है, जिनमें से 10 बच्चों (5 बालिका व 5 बालक) की उपस्थिति दर्ज की गई। इसी प्रकार घोटमर्रा प्राथमिक शाला में कक्षा पहली में 3, दूसरी में कोई नहीं, तीसरी में 2, चौथी में 2 और पांचवी में 4 छात्र दर्ज हैं। यहां कुल 11 छात्र दर्ज हैं, जिनमें से लगभग 8 बच्चों की उपस्थिति रहती है। दोनों विद्यालयों में दो-दो शिक्षक पदस्थ हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों गांवों की दूरी 100 मीटर से भी कम है, ऐसे में दोनों शालाओं को एकीकृत कर एक ही परिसर में संचालित किया जा सकता है। इससे शिक्षकों की बेहतर उपयोगिता सुनिश्चित होगी और अतिरिक्त शिक्षकों को उन स्कूलों में भेजा जा सकेगा जहां शिक्षकों की कमी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोनों विद्यालयों के एकीकरण और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था शीघ्र बहाल करने की मांग की है, ताकि बच्चों की पढ़ाई व्यवस्था प्रभावित न हो।


