भास्कर न्यूज | बोड़ला बोड़ला में आदिम जाति विकास विभाग द्वारा 50 सीटर अनुसूचित जनजाति (आजजा) बालक पोस्ट मैट्रिक छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। निर्माण की दिशा में बुधवार को भूमिपूजन के साथ औपचारिक शुरुआत कर दी गई। करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस छात्रावास भवन के लिए नगर पंचायत ने रामा गौशाला के पास डेढ़ एकड़ भूमि उपलब्ध कराई है। नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल ने बताया कि भूमि की कमी के कारण यह परियोजना पिछले दो वर्षों से लंबित थी। नगर पंचायत की टीम ने लगातार प्रयास कर उपयुक्त स्थल का चयन किया। अब जाकर उक्त भूमि पर छात्रावास बनेगा। भूमिपूजन कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री नितेश अग्रवाल ने इसे छात्रों के भविष्य निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह छात्रावास केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव और नई पीढ़ी के सपनों को साकार करने का आधार बनेगा। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे इस सुविधा का सदुपयोग कर मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने भविष्य को संवारें। मॉडल भवन बनाने पर जोर जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे ने छात्रावास को मंदिर की तरह मानकर आस्था और अनुशासन के साथ शिक्षा ग्रहण करने की सीख दी। उन्होंने ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों से निर्माण कार्य की सतत निगरानी करने कहा। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही छात्रों को शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों में भी भागीदारी बढ़ाने की सलाह दी।


