भास्कर न्यूज | नूरपुरबेदी चंडीगढ़ में हाल ही में आयोजित सिविल सर्जन सम्मेलन में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने संबंधी कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। चर्चा के बाद जारी नए आदेशों के अनुसार अब कुत्ते के काटने वाले मरीजों को रेबीज की पहली डोज नजदीकी आम आदमी क्लीनिक में ही लगाई जाएगी। इस फैसले से मरीजों को तुरंत इलाज उपलब्ध होगा और बड़े सरकारी अस्पतालों पर अनावश्यक भीड़ भी कम होगी। आम आदमी क्लीनिक अबियाना में तैनात मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर जोतवंश सिंह ने बताया कि अबियाना डिस्पेंसरी और मोहल्ला क्लीनिक में रेबीज के सभी आवश्यक टीके पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। कुत्ते के काटे गए प्रत्येक मरीज को ये टीके मुफ्त लगाए जाएंगे। डॉक्टर जोतवंश सिंह ने लोगों से अपील की कि यदि किसी को भी कुत्ता या अन्य पालतू अथवा आवारा जानवर काट ले, तो वह तुरंत घाव को साबुन और बहते पानी से कम से कम 15 मिनट तक धोएं और बिना देरी किए नजदीकी आम आदमी क्लीनिक में संपर्क करें। समय पर लगाई गई पहली डोज जान बचाने में अहम भूमिका निभाती है। स्वास्थ्य विभाग के इस नए फैसले से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को घर के पास ही तुरंत और मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।


