मांगों को लेकर अड़े मिनिस्टीरियल कर्मचारी, डीसी कार्यालय के समक्ष की गेट रैली

भास्कर न्यूज | बरनाला ​पंजाब स्टेट मिनिस्टीरियल सर्विसेज यूनियन जिला बरनाला के आह्वान पर बुधवार को जिले के समस्त विभागों के क्लैरिकल कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के समक्ष गेट रैली का आयोजन किया। रैली में जिले के विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत मिनिस्टीरियल स्टाफ ने सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की। जिला प्रधान निर्मलजीत सिंह ने कहा कि सरकार ने उनकी जायज मांगों को लंबे समय से दबा रखा है और यदि अब भी एकजुट होकर संघर्ष न किया तो कर्मचारी वर्ग का बड़ा नुकसान होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि आगामी बजट सत्र में अपनी मांगें मनवाने के लिए यह एक निर्णायक लड़ाई है और हकों की प्राप्ति के लिए सरकार के विरुद्ध लकीर खींचकर लड़ना समय की मुख्य जरूरत है। रैली के दौरान वक्ताओं ने कर्मचारियों को सचेत किया कि अपने अधिकारों के प्रति उदासीन रहने का खामियाजा पूरी जमात को भुगतना पड़ सकता है इसलिए सभी विभागों के साथियों को इस काफिले का हिस्सा बनकर अपनी हाजिरी सुनिश्चित करनी होगी। नेताओं ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक विभाग के क्लैरिकल कर्मचारी की उपस्थिति दर्ज की जा रही है और संघर्ष से दूरी बनाने वाले साथियों की जवाबदेही तय की जाएगी। रैली के अंत में चेतावनी दी गई कि यदि सरकार ने जल्द ही सकारात्मक रुख न अपनाया तो इस आंदोलन को और भी उग्र रूप दिया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन की होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *