अजीत नगर, गंगा राम बस्ती और गुरु रविदास नगर के घरों में गंदे पानी की सप्लाई से रोष

भास्कर न्यूज | संगरूर वार्ड 22 अधीन पड़ते अजीत नगर, गंगा राम बस्ती और गुरु रविदास नगर के घरों में गंदे पानी की सप्लाई होने से लोगों में गुस्सा पाया जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि विभाग की ओर से पानी के सैंपल तक लिए गए है बावजूद इसका कोई समाधान नहीं हो सका है। वार्ड पार्षद ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सप्लाई को ठीक न किया गया तो वह धरना देने को मजबूर होंगे। वार्ड नंबर 22 के पार्षद अवतार सिंह तारा ने बताया है कि पिछले 10 दिनों से वार्ड अधीन पड़ते अजीत नगर, गंगा राम बस्ती और गुरु रविदास नगर के कई घरों में पीने वाला पानी साफ नहीं आ रहा है। पानी से बदबू आ रही है जिसे पीना तो दूर की बात है नहाना भी मुश्किल हो रहा है। वह नगर कौंसिल के अधिकारियों को कई बार इसकी शिकायत कर चुके हैं। हाल में वह गंदा पानी बोतल में भर कर डीसी संगरूर के पास ले गए थे जिसके बाद सीवरेज व वाटर सप्लाई विभाग की ओर से पानी के सैंपल भी लिए गए। अब तक सैंपलों की रिपोर्ट भी नहीं आई है और न ही सप्लाई को ठीक किया गया है। लोग यह गंदा पानी पीने से बीमार पड़ रहे हैं यदि समस्या पर जल्द ध्यान न दिया गया तो वह नगर कौंसिल के बाहर धरना देने को मजबूर होंगे। बता दें कि शहर में गंदे पानी की सप्लाई का मामला नया नहीं है। इससे पहले शहर की सुंदर बस्ती में भी गंदे पानी की सप्लाई को लेकर बवाल मच चुका है। पिछले वर्ष करीब 12 लोग सुंदर बस्ती में डायरिया की चपेट में आ गए थे। 2023 में 2 लोगों की गंदे पानी के कारण मौत तक हो चुकी है बावजूद गंदे पानी की सप्लाई पर कोई ध्यान देने को तैयार नहीं है। ईओ अश्वनी कुमार ने कहा कि करीब 10-12 घरों से शिकायत मिली है। सर्वे के दौरान कहीं लीकेज नहीं मिली है। हॉट स्पॉट स्थानों पर खुदाई शुरू कर लीकेज चेक की जा रही है। जल्द लीकेज का पता कर ठीक करवा दिया जाएगा। फिलहाल लोगों को यह पानी न इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *