भास्कर न्यूज | बरनाला बरनाला शहर में पावरकॉम की ओर से बिजली सप्लाई के सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए बड़े स्तर पर अपग्रेडेशन का कार्य किया जा रहा है। करीब सवा करोड़ रुपए की लागत से इस पूरे सिस्टम को अपडेट किया जाएगा। इससे शहरवासियों को आने वाली गर्मियों में बिजली के लंबे कटों और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या से बड़ी निजात मिलेगी। विभाग का लक्ष्य है कि यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो अगले एक महीने के भीतर यह प्रोजेक्ट पूरा कर लिया जाएगा। वहीं एक माह में 150 खंभे लगाए जाएंगे। वर्तमान में शहर के कच्चा कॉलेज रोड, जंडा वाला रोड और सेखा रोड पर सप्लाई सिस्टम को सुधारने का काम जारी है। कच्चा कॉलेज रोड पर करीब 48 नए खंभे लगाकर काम पूरा कर लिया गया है। पावरकॉम के अधिकारियों के अनुसार धनौला रोड पर स्थित मुख्य ग्रिड से पूरे शहर को बिजली की आपूर्ति होती है। कच्चा कॉलेज रोड से होते हुए यह सप्लाई आगे 16 एकड़, बस स्टैंड और गाड़ी बाजार एरिया तक जाती है जहां पिछले एक साल में लोड काफी बढ़ गया था। अब 16 एकड़ को जाने वाले लोड को अलग खंभों पर स्थानांतरित कर दिया है। इससे कच्चा कॉलेज रोड और 16 एकड़ की लाइनें अलग-अलग हो जाएंगी और स्पार्किंग व ट्रिपिंग जैसी दिक्कतें खत्म हो जाएंगी। इसी तरह जंडा वाला रोड पर भी घरों में एसी और अन्य बिजली उपकरणों की बढ़ती संख्या के कारण लोड अधिक था जिसे अब दो हिस्सों में बांटा जा रहा है ताकि संघेडा रोड की सप्लाई को अलग कर लोड कम किया जा सके। आने वाले कुछ दिनों में सेखा रोड पर भी इसी तरह का काम शुरू कर दिया जाएगा। इस पूरी परियोजना से शहर की एक बड़ी आबादी जिसमें संधू पत्ति और बस स्टैंड क्षेत्र भी शामिल है को सीधा लाभ पहुंचेगा। ^पावरकॉम के एक्सईएन विकास कुमार ने कहा कि सिस्टम को लगातार अपग्रेड किया जा रहा है और आने वाले दिनों में ट्रिपिंग की समस्या पूरी तरह से समाप्त हो जाएगी।


