भास्कर न्यूज | अमृतसर आगामी विधानसभा चुनाव से ठीक एक साल पहले राजनीतिक पार्टियों को व्यापारियों की याद आ ही गई है। सिंतबर 2023 में सरकार-सनतकार मिलनी के 2 साल बाद बुधवार को टाउन हॉल में सरकार के पंजाब स्टेट ट्रेड कमीशन ने व्यापारियों के साथ इंटरेक्शन मीट की। मीट में व्यापारियों ने लॉ एंड ऑर्डर में सुधार की मांग की ताकि बेखौफ होकर कारोबार कर सकें। इसके अलावा व्यापार को प्रफुल्लित करने के लिए यूनिटी मॉल स्थापित करने का वादा भी याद दिलाया। सरकार-सनतकार मिलनियों में केजरीवाल की मौजूदगी में सीएम मान ने यूनिटी मॉल जल्द स्थापित किए जाने, गुरुनगरी को इकोनॉमिक जोन बनाने तथा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के आश्वासन दिए थे। व्यापारियों ने सरकार को उक्त वादे याद दिलाते हुए यूनिटी मॉल बनाने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की। इसके अलावा एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट द्वारा सर्वे की आड़ में व्यापारियों को बेवजह तंग करने का मुद्दा भी उठाया। अखिल भारतीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय उपप्रधान रंजन अग्रवाल ने कहा कि सर्वे की आड़ में व्यापारियों को बेवजह तंग किया जा रहा जो बंद होना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग के अधिकारी तानाशाही रवैया अपनाते हुए बिना नोटिस दिए व्यापारिक अदारों पर धड़ाधड़ सर्वे किए जा रहे हैं अगर किसी व्यापारी ने अधिकारियों के अनुसार जीएसटी टैक्स अदा नहीं किया है तो उन्हें पहले नोटिस भेजना चाहिए। फोकल प्वाइंट इंड्रस्ट्रियल वेलफेयर एसो. के प्रधान संदीप खोसला ने सिविल लाइन एरिया में शिवपुरी शिवपुरी स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि 70 साल से गुरुनगरी में 2 ही प्रमुख शिवपुरी हैं जो 10-12 किमी दूर है। आबादी बढ़ने से सिविल लाइन व शहर में जाम की अकसर स्थिति बनी रहती है और शव वाहन कई बार घंटों फंस जाता है। फोकल प्वाइंट इंडस्ट्रियल वेलफेयर एसोसिएशन के चीफ पैटर्न कमल डालमिया ने बीआरटीएस कॉरिडोर जनता के लिए खोलने की मांग की। उन्होंने कहा कि बीआरटीएस प्रोजेक्ट पूरी तरह से फेल हो गया है। बीआरटीएस प्रोजेक्ट के चलते रेलवे स्टेशन-अटारी मार्ग पर अकसर जाम रहता है। अगर बीआरटीएस कॉरिडोर को बंद कर पब्लिक के लिए रास्ता खोल दिया जाए तो जाम का समाधान हो सकेगा। पुलिस कमिशनर को चाहिए कि बीआरटीएस के समस्त मार्ग लोगों की आवाजाही के लिए खोल दें। डालमिया ने सरकार व प्रशासन से 2016 में शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए केंद्र सरकार से हासिल 995 करोड़ का फंड विकास के लिए इस्तेमाल करने की मांग भी की। डालमिया ने कहा कि हर साल नए ट्रेड लाइसेंस के लिए व्यापारियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है, सरकार को चाहिए 3 साल में एक बार लाइसेंस रिन्यू करवाने का नियम लागू करे। आईडीएच मार्केट ट्रेडर्स एसो. के प्रधान दलजीत सिंह ने कहा कि आईडीएच मार्केट की दुकानों की रजिस्ट्रियों के इंतकाल नहीं हो पा रहे हैं। 80% से ज्यादा दुकानदारों के पास दुकानों की रजिस्ट्रियां हैं लेकिन इंतकाल 10-20 प्रतिशत के ही हो पाए हैं। इसकी प्रमुख वजह भ्रष्टाचार है, कुछ अधिकारी जानबूझकर काम लटका रहे हैं। इसके अलावा मार्केट में कई समस्याएं हैं। पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के प्रधान प्यारे लाल सेठ ने मीट में मौजूद विधायकों और पंजाब स्टेट ट्रेड कमीशन के अधिकारियों का ध्यान यूनिटी मॉल स्थापित करने की ओर दिलाया। सेठ ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार गुरुनगरी में यूनिटी माल स्थापित ही नहीं करना चाहती है। परियोजना को किसी अन्य शहर में स्थनांतरित करने की आशंका है। सेठ ने कहा कि व्यापार मंडल के अनथक प्रयासों के बावजूद सरकार द्वारा यूनिटी मॉल की स्थापना नहीं की गई है। पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के जिला प्रधान एवं पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश प्रधान सुरिंदर दुग्गल ने मौजूदा लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि सूबे में आए दिन व्यापारियों व केमिस्टों के साथ लूट और झीना झपटी की घटनाएं हो रही हैं। इससे व्यापार प्रभावित हो रहा है मगर पुलिस गैंगस्टरों और लुटेरों के आगे बेबस दिखाई दे रही है। व्यापारी में पहले से ही मंदी का दौर से गुजर रहे हैं अब लूट-फिरौती की घटनाओं से व्यापारी दहशत के माहौल में जीवन यापन कर रहे हैं । इस मौके पर दी पीस गुड्स एसोसिएशन के प्रधान ओपी बुलानी, लघु उद्योग भारती के प्रधान अमित कपूर, ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान संजीव माकन, उद्योगपति भरत माकन, डॉ. जेपी सिंह, समीर खन्ना, उद्योगपति बलबीर भसीन, होटलियर सुरिंदर सिंह गांधी और हरिंदर सिंह इत्यादि मौजूद थे।


