भास्कर न्यूज | अमृतसर जंडियाला गुरु के गांव गुनोवाल सुए के पास युवक की लाश मिली। मृतक की पहचान रोहित (24) निवासी ज्योतिसर कॉलोनी के रूप हुई है जिसकी गले पर तेजधार हथियार से हमला कर हत्या की गई है। मृतक के पिता जॉर्ज ने बताया कि 16 फरवरी सुबह 9 बजे बेटा रोहित काम के लिए घर से निकला था। उसकी अंतिम बार साथी के साथ 12 बजे दोपहर को मोबाइल से बात हुई थी। न ही वह काम पर पहुंचा और न ही घर वापस आया। परिवार वाले सभी रिश्तेदारों के पास कॉल कर रोहित के बारे में पता कर रहे थे मगर नहीं मिला। 17 फरवरी को जब पुलिस के पास शिकायत करने के लिए जा रहे थे कि उन्हें मालूम हुआ कि रोहित का शव सुए के पास बरामद हुआ है। मौके पर जाकर देखा तो उसका गला कटा हुआ था। उसका मोबाइल, चांदी की चैन और 5 हजार रुपए गायब थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटे की हत्या की गई है। वहीं एसएचओ नरेश कुमार ने बताया कि केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।


