भास्कर न्यूज | अमृतसर पिछले दिनों अमृतसर के गुरु नानकपुरा में नशे से हुई नौजवान आकाशदीप की मौत ने पंजाब की भगवंत मान सरकार के ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ के झूठ को बेनकाब कर दिया है। मान सरकार युद्ध नशे विरुद्ध का नारा देकर जनता को मूर्ख बना रही है, जबकि जमीनी हकीकत इसके बिलकुल विपरीत है। यह कहना है भाजपा जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू का। हरविंदर सिंह संधू तथा कुमार अमित बुधवार को पीएपी हेड कांस्टेबल अशोक कुमार के निवास स्थान पर पहुंचे और बेटी की मौत पर उनसे दुख व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान उनके साथ जगजीत गिल, गुलशन कुमार, संदीप सिंह आदि भी उपस्थित थे। जिला भाजपा प्रधान हरविंदर सिंह संधू ने कहा कि गुरु नानक पुरा के लोगों तथा मृतक नौजवान के पीड़ित पिता ने बताया कि गुरु नानकपुरा, कोट खालसा और राम नगर कॉलोनी आदि इलाकों में नशा तस्करों के हौंसले इतने बुलंद है कि वह खुलेआम नशीले पदार्थ बेच रहे हैं। लेकिन पुलिस उन पर किसी तरह की लगाम नहीं लगा पा रही है। पीड़ित परिवार तथा इलाका निवासियों ने नशा तस्करों पर लगाम लगाने तथा पीड़ित परिवारों को इंसाफ दिए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है, तब से लेकर आज तक समूचे पंजाब में गैंगस्टर वाद, नशा तस्करी, माफिया राज, रंगदारी, डकैतियां आदि बेलगाम हो गए हैं।


