गया पुलिस ने गुप्त सूचना पर हवाला कारोबार से जुड़े एक करोड़ 6 लाख 28 हजार 900 रुपए बरामद किए हैं। रकम के साथ एक युवक सुनील शर्मा पकड़ा गया है। सुनील राजस्थान के चूरू जिले के राजलदंग थाना अंतर्गत बिना देसर का रहने वाला है। पुलिस को जाली नोटों के अवैध कारोबार की सूचना मिली थी। इसे लेकर कोतवाली थाना क्षेत्र के पीपरपांती मोहल्ले में पुलिस ने रेड की, जहां से कैश मिले। 1.06 करोड़ कैश की सूचना पटना आयकर विभाग को दी गई। सूचना पर विभाग की तीन सदस्यीय टीम ने गया पहुंचकर रकम बरामदगी की जानकारी ली और सुनील शर्मा को पटना लेकर चली गई। पुलिस की पूछताछ में सुनील ने बताया है- वह राजस्थान के कारोबारी के लिए काम करता है। इतनी बड़ी राशि के साथ गया के एक कारोबारी का मोबाइल दिया गया था। उसे इस रकम को एक नंबर पर बात करके देना था, लेकिन उसके पहले ही पुलिस को इसकी भनक लग गई और उसे उक्त रकम के साथ पकड़ लिया। थानाध्यक्ष ने बताया, ‘बरामद राशि के बारे में सुनील सही जानकारी नहीं दे पाया। उसने पुलिस को बताया कि मालिक के कहने पर इतनी बड़ी राशि लेकर गया आए थे। जिसके बाद पुलिस ने कैश को जब्त किया और कोतवाली थाने लेकर आई। पूरे मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।’ बैग और बोरे में रखे थे पैसे SSP आनंद कुमार ने बताया, ‘बुधवार की रात गया पुलिस को पीपरपांती मोहल्ले में जाली नोटों के अवैध कारोबार की सूचना मिली थी। इसके बाद सिटी SP रामानंद कुमार कौशल ने एक विशेष टीम का गठन किया।’ ‘टीम में शामिल कोतवाली थानाध्यक्ष आशीष कुमार मिश्रा सहित सिविल लाइन, DIU, तकनीकी शाखा के पदाधिकारी और कर्मियों ने पीपरपांती पहुंचकर किराये के मकान में रह रहे सुनील शर्मा के फ्लैट में छापेमारी की।’ ‘कमरे की तलाशी लेने पर एक बैग और एक झोले से एक करोड़ 6 लाख 28 हजार 900 रुपए बरामद हुए। सारे नोट 500 की गड्डी बनाकर रखे थे।’ छह माह से किराये पर रह रहा था सुनील इतने कैश के साथ पकड़ा गया सुनील शर्मा 6 माह से उस मकान में किराए पर रह रहा था। सुनील ने पूछताछ में जब्त कैश को हवाला कारोबार से जुड़ा बताया है। पुलिस और आयकर विभाग की टीम सुनील से पूछताछ कर मुख्य सरगना को दबोचने की कोशिश में जुट गई है। ——————————— इसे भी पढ़िए… बिहार में DEO के बेड से मिले 3 करोड़ कैश:बोरी में बांधकर रखे थे नोट और गहने, 7 ठिकानों पर विजिलेंस की रेड बिहार में बेतिया के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) रजनीकांत प्रवीण के पास से 3 करोड़ रुपए कैश और गहने बरामद किए गए हैं। गुरुवार अलसुबह विजिलेंस की टीम ने 40 सदस्यों के साथ रजनीकांत के 7 ठिकानों पर एक साथ रेड मारी। विजिलेंस की टीम बेतिया में 10 घंटे की छापेमारी के बाद DEO के घर से बाहर निकल गई है। पूरी खबर पढ़ें।


