धनेलीकन्हार| केश शिल्पी बोर्ड के तत्वावधान में एक दिवसीय जिला स्तरीय केश शिल्पी सम्मेलन का आयोजन 24 फरवरी, मंगलवार को कांकेर ब्लॉक के ग्राम नथिया नवागांव में प्रातः 10 बजे से किया जाएगा। केश शिल्पी बोर्ड के अध्यक्ष नंद कुमार सेन के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन में कांकेर जिले के सेन समाज के वे कामगार शामिल हो सकते हैं, जो केश कला के क्षेत्र में सैलून या गवई कार्य करते हैं। साथ ही वे महिलाएं भी भाग ले सकती हैं जो ब्यूटी पार्लर का कार्य कर रही हैं या इस क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं। सम्मेलन में सेन समाज के प्रमुखों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों का सम्मान भी किया जाएगा। केश शिल्पी बोर्ड के सदस्य विजय सेन ने बताया कि सम्मेलन में प्रदेश पदाधिकारियों द्वारा बोर्ड के उद्देश्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही समाज के लोगों की समस्याओं और सुझावों पर चर्चा कर सार्थक विचारों के आधार पर योजनाएं तैयार की जाएंगी। इस हेतु सम्मेलन में सुझाव भी आमंत्रित किए गए हैं। सेन समाज के प्रमुख प्रभुराम शांडिल्य, कैलाश सेन, लोकेश्वर सेन, शैलेन्द्र कौशिक, वेदराम सेन एवं रुद्रकुमार सेन ने समाज के सैलून संघ के पदाधिकारियों, सदस्यों तथा ब्यूटी पार्लर में कार्यरत महिलाओं से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। सम्मेलन को लेकर समाज प्रमुखों की बैठक भी आयोजित की जा रही है।


