झारखंड अकेडमिक काउंसिल (जैक) की 10वीं कक्षा में हिंदी और विज्ञान के प्रश्नपत्र लीक होने से परीक्षा रद्द कर दी गई है। कोडरमा जिला प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इस घटना को निंदनीय बताया है। उन्होंने कहा कि झारखंड में परीक्षा का पेपर लीक होना आम बात हो गई है। मंत्री ने आरोप लगाया कि इस मामले में सरकारी तंत्र भी कहीं न कहीं शामिल है। मामले में एक भाजपा नेता का पुत्र गिरफ्तार किया गया है। इस पर मंत्री ने कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, उस पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्य मुद्दा यह है कि पेपर लीक कैसे हुआ। जैक बोर्ड की परीक्षा में प्रश्नपत्रों की छपाई से लेकर जिलों में वितरण तक पूरी गोपनीयता बरती जाती है। मंत्री ने कहा कि जांच में यह पता लगाना जरूरी है कि पेपर कहां से लीक हुआ। उन्होंने झारखंड सरकार पर ऐसे मामलों में संवेदनहीन होने का आरोप लगाया है।


