धनबाद में शुक्रवार को नई दिल्ली-कोलकाता मुख्य मार्ग NH-19 पर एक बड़ा हादसा हुआ। जयपुर से चारकोल शीट लेकर आ रहा ओवरलोडेड ट्रक बरबड्डा कोल्ड स्टोर के पास पलट गया। खलासी रंजीत साव के अनुसार, वे माल को गोविंदपुर में उतारने जा रहे थे। बरबड्डा के पास एक अन्य ट्रक ने ओवरटेक करते समय उन्हें चकमा दे दिया। इस कारण उनका ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक में लदी चारकोल शीट सड़क पर बिखर गई। हादसे में ट्रक चालक और खलासी को मामूली चोटें आईं। दोनों को नजदीकी नर्सिंग होम में प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बरवड्डा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस यातायात को सामान्य करने में जुटी है। फिलहाल कई वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा रहा है।


