भास्कर न्यूज| अमृतसर बीते सप्ताह चंडीगढ़ में आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में 23 जिलों के स्कूलों में से सरकारी हाई स्कूल माहल के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में जीत हासिल कर वापस लौटे छात्रों का स्कूल पहुंचने पर जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार शर्मा, उप जिला शिक्षा अधिकारी राजेश खन्ना, बीएनयू सुनील गुप्ता, मुख्य-अध्यापिका हरप्रीत मंनी, डीआरसी डॉ. राजन लिबरा, बीआरसी नवदीप सिंह रंधावा और शिखा दुआ ने स्वागत किया। दसवीं के करणबीर सिंह ने मैथ्स एग्जिबिशन में पहला स्थान, दसवीं की नवनीत कौर ने रिसर्च मैथेमेटिकल मॉडलिंग में दूसरा स्थान हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर अपना प्रवेश सुनिश्चित किया। नौंवी कक्षा के मनदीप सिंह ने स्वास्थ्य और स्वच्छता थीम में राज्यस्तरीय भागीदारी की। स्कूल में बच्चों के साथ उनके मार्गदर्शक अध्यापक अजविंदर कौर और कपिला तथा मुख्य-अध्यापिका हरप्रीत मनी को भी सम्मानित किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने प्रत्येक छात्र को 500 रुपए कैश देकर हौसला बढ़ाया और उन्हें भविष्य में भी ऐसे उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। माहल स्कूल के बच्चों ने चंडीगढ़ में आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर राज्य में अपनी पहचान बनाई। जिला शिक्षा विभाग के डीआरसी डॉ. राजन लिबरा ने छात्रों को बधाई दी और कहा कि अब इन बच्चों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बना ली है। जैसे ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आधिकारिक पत्र जारी होगा, ये छात्र उसमें भाग लेंगे और अपने जिले का नाम पूरे देश में रोशन करेंगे।


