भास्कर न्यूज | जालंधर पूर्व मंडल दफ्तर जालंधर में उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटरों के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस मौके पर इलाके के कौंसलर कुलबीर सिंह लुबाणा उपस्थित रहे और उन्होंने उपभोक्ताओं को विभाग की नई तकनीक के बारे में जानकारी दी। डिप्टी चीफ इंजीनियर गुलशन कुमार चोटानी, बलजीत सिंह संधू और एडिशनल सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर सन्नी भागरा ने कहा कि स्मार्ट मीटर वर्तमान युग की तकनीक का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर की मदद से उपभोक्ता मोबाइल ऐप के जरिए बिजली की खपत और चल रहे लोड की जानकारी कभी भी देख सकते हैं। सबसे बड़ी खूबी यह है कि यदि किसी घर की बिजली बंद हो जाए तो शिकायत ऑटोमैटिक विभाग को मिल जाएगी और कर्मचारी बिना औपचारिक शिकायत के समस्या का समाधान करेंगे। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे स्मार्ट मीटर लगवाएं और आधुनिक सेवाओं का लाभ उठाएं। लाइव डेमो के जरिए दूर की गईं शंकाएं उपभोक्ताओं की शंकाओं को दूर करने के लिए एसडीओ तरुण इकबाल ने स्मार्ट मीटर का लाइव डेमो दिया। उन्होंने मीटर के काम करने के तरीके को विस्तार से समझाया ताकि लोग इसे अपनाने में झिझक न महसूस करें। इस विशेष कैंप में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सीनियर एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राघव रतन भारद्वाज, एसडीओ बलवंत सिंह, मनिंदर सिंह, राजीव कुमार, इंजीनियर सनी भागरा और गोपाल कृष्ण भी मौजूद रहे।


