भास्कर न्यूज | जालंधर पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग चेयरमैन जसवीर गढ़ी ने महाराजा रणजीत सिंह पंजाब पुलिस अकादमी में डीएसपी स्तर के अधिकारियों के लिए एससी/एसटी अत्याचार रोकू अधिनियम 1989 संबंधी सेमिनार करवाया। जिसमें उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कानून के प्रभावशाली अमल के लिए पुलिस अधिकारियों को इस अधिनियम संबंधी विस्तार से जानकारी देना, संवेदनशील मामलों में अधिनियम के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित बनाना और इस अधिनियम के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के पास आने वाले ज्यादातर मामले पुलिस विभाग से संबंधित होते हैं। पुलिस अधिकारियों को एससी/ एसटी अत्याचार रोकू अधिनियम के बारे में प्रशिक्षण मुहैया करवाया गया है, उससे ऐसे मामलों की संख्या कम करने में मदद मिलेगी। एससी आयोग के सुझाव पर पुलिस विभाग द्वारा यह प्रशिक्षण पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर करवाया गया । उन्होंने बताया कि पंजाब भर के 400 के करीब डीएसपी को विस्तारपूर्ण शिक्षा देने का प्रस्ताव है। प्रशिक्षण प्रोग्राम में डीजीपी पंजाब गौरव यादव और स्पेशल डीजीपी-कम-डायरेक्टर अनीता पुंज का विशेष योगदान रहा। विभिन्न प्रशिक्षण सेशनों के दौरान विशेषज्ञों द्वारा एससी/एसटी अत्याचार रोकू अधिनियम के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।


