सूरजपुर जिले की घटना:सिगड़ी जलाकर बंद कमरे में सो रहे थे, दम घुटने से पति-पत्नी व 4 साल की बेटी की मौत

सूरजपुर जिले में कड़ाके की ठंड से बचने के लिए कमरे में रखी जलती हुई सिगड़ी एक ही परिवार के तीन सदस्यों के लिए जानलेवा साबित हुई। श्रीनगर क्षेत्र के चंद्रपुर गांव में कोयले के धुएं से दम घुटने के कारण पति, पत्नी और उनकी 4 वर्षीय बेटी की सोते समय ही मौत हो गई। चंद्रपुर निवासी कंवल सिंह ने मंगलवार रात अपने परिवार के साथ भोजन किया। ठंड अधिक होने के कारण कंवल सिंह, उनकी पत्नी कुंती (25 वर्ष) और उनकी सबसे छोटी 4 वर्षीय बेटी पास ही बने प्रधानमंत्री आवास योजना के कमरे में सोने चले गए। सुबह जल्दी खाना बनाने की सुविधा और कमरे को गर्म रखने के उद्देश्य से कुंती जलती हुई सिगड़ी को अपने साथ कमरे के भीतर ले गई। कमरे में खिड़की या रोशनदान नहीं था, इसलिए रात भर में कमरे के भीतर कोयले की जहरीली गैस (कार्बन मोनोऑक्साइड) भर गई, जिससे तीनों का दम घुट गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह कंवल सिंह की 5 वर्षीय बड़ी बेटी अपनी मां को बुलाने पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था और काफी आवाज देने के बाद भी कोई हलचल नहीं हुई। अनहोनी की आशंका होने पर कंवल के बड़े भाई ने सब्बल से दीवार में छेद किया और टॉर्च जलाकर देखा। अंदर देखा तो पता चला कि तीनों एक ही स्थान पर अचेत अवस्था में मृत पड़े थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। भास्कर एक्सपर्ट – डॉ. प्रेम सिंह मार्को, सीएमएचओ, सरगुजा गंधहीन गैस होने से पता नहीं चलता
कोयला जलने से कई प्रकार की गैस निकलती हैं, लेकिन इनमें सबसे खतरनाक कार्बन मोनोऑक्साइड गैस होती है। इसका कारण यह है कि यह गैस न तो महकती है और न ही इसका धुआं दिखाई देता है, क्योंकि यह रंगहीन होती है। इस गैस के प्रभाव से शरीर में ऑक्सीजन की कमी होने लगती है। यदि कार्बन मोनोऑक्साइड सांस के जरिए अधिक मात्रा में शरीर में प्रवेश कर जाए, तो यह जानलेवा साबित हो सकती है। इसके अलावा कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा भी बढ़ जाती है, लेकिन सबसे बड़ा खतरा कार्बन मोनो-ऑक्साइड से ही होता है। यह गैस रक्त में मौजूद हीमोग्लोबिन से जुड़कर ऑक्सीजन की जगह ले लेती है। परिणामस्वरूप शरीर के अंगों को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती, जिससे व्यक्ति की मृत्यु तक हो सकती है। पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे
प्रारंभिक जांच और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए यह साफ है कि मौत दम घुटने के कारण हुई है। कमरा अंदर से बंद था और कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। हम पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
– प्रशांत ठाकुर, एसएसपी, सूरजपुर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *