बाड़मेर, जैसलमेर व बालोतरा की 6 विधानसभाओं के 1385 गांवों में मोहनगढ़ से पर्याप्त नहरी पानी पहुंचाने के लिए 50 करोड़ रुपए लागत से मुख्य पाइप लाइन में सुधार के साथ मोहनगढ़ व भागू का गांव में पंपों की क्षमता बढ़ेगी। पानी चोरी पर लगाम लगाने तथा मॉनिटरिंग के लिए स्काडा सिस्टम लगेगा। कुम्हारों की ढाणी में क्षतिग्रस्त 13 एमएल स्टोरेज के स्थान पर अब नया स्टोरेज बनाया जाएगा। मोहनगढ़ से बाड़मेर के बीच रास्ते आने वाले सभी ऑफटेक पर पुराने वाल्व, फ्लोमीटर बदलने के साथ नए लगाए जाएंगे। इस बजट घोषणा में इन कार्यों की स्वीकृति मिली है। सुदृढ़ीकरण कार्यों के पूरा होने के साथ बाड़मेर विधानसभा के 583, शिव के 230, जैसलमेर के 234, बायतु के 323, पोकरण के 12 तथा पचपदरा विधानसभा के 3 गांवों तक डिमांड के अनुरूप पर्याप्त नहरी पानी पहुंचेगा। फिलहाल मोहनगढ़ व भागू का गांव में रोजाना 145 एमएलडी पानी उत्पादन के पंप लगे हैं, अब इनकी डिजाइन 2041 की डिमांड के अनुसार बदलते हुए 550 व 650 किलोवाट से 750 व 850 किलोवाट क्षमता बढ़ाई जाएगी। इससे 3 जिलों की 172 एमएलडी डिमांड के पानी का उत्पादन होगा। ट्रंक लाइन पर स्काडा सिस्टम लगने से अधिकारी पानी की मॉनिटरिंग कर सकेंगे। मोहनगढ़ व भागू का गांव में वोल्टेज सुधार के लिए 3.75 करोड़ रुपए से ऑटोमेटिक वोल्टेज रेगुलेटर (एवीआर) लगाए जा रहे है। दोनों स्थानों से पानी उत्पादन के दौरान वोल्टेज में उतार-चढ़ाव के कारण अक्सर पंप बंद हो जाते थे। ऐसे में पानी का पर्याप्त उत्पादन नहीं होने से अंतिम छोर के गांवों तक पानी नहीं पहुंच पाता था। अब रेगुलेटर लगने से पंप लगातार चलेंगे और पर्याप्त पानी का उत्पादन होगा। वहीं दोनों स्थानों पर पंप हाउस के स्विच यार्ड में लगे पुराने निष्क्रिय बिजली उपकरणों को बदला जाएगा। जीएसएस मेंटेनेंस के साथ नए सीआर पैनल, वीसीबी, सीटीपीटी उपकरण स्विच यार्ड में लगेंगे। 6 विधानसभा के 1385 गांवों में पर्याप्त नहरी पानी पहुंचे, इसके सिस्टम सुधार के लिए बजट घोषणा में 50 करोड़ की स्वीकृति मिली है। सिस्टम सुधार से मोहनगढ़ में रोजाना 172 एमएल पानी उत्पादन होगा । – हजारीराम बालवां, एसई पीएचईडी।


